कानपुर देहात: बरगवां में क्रिकेट प्रतियोगिता का प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने फीता काट किया भव्य शुभारंभ,दी नववर्ष की बधाई
कुंभी और बरवा ने जीते मैच, दर्शकों ने किया उत्साहवर्धन

पुखरायां। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के बरगवां गांव में जय बाला जी क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजक मंडल द्वारा आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का गुरुवार को फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर मौजूद खिलाड़ियों तथा लोगों को नव वर्ष की बधाई दी गई तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की गई।क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बाल शक्ति हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने फीता काटकर किया।उन्होंने मौजूद खिलाड़ियों तथा क्षेत्रवासियों को नव वर्ष की बधाई देते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन को कराना एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने पूरी टीम को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दी।आयोजकों ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया।प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने कहा कि खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उनमें खेल भावना व अनुशासन विकसित करते हैं।खेल प्रतियोगिताएं शारीरिक विकास के साथ साथ समाज में आपसी भाईचारा और एकता को भी मजबूत करते हैं।खेल को खेल भावना से ही खेलना चाहिए।खेल में द्वेष की भावना नहीं होनी चाहिए।इस दौरान क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले दिन कई टीमों ने भाग लिया।पहला मैच बहरई और कुंभी के मध्य खेला गया।
बहरई की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया।कुंभी की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित आठ ओवर में 74 रन बनाए और बहरई की टीम को जीत के लिए 75 रनों का लक्ष्य दिया।जवाब में बहरई की टीम मात्र 42 रनों पर ही सिमट गई और मैच कुंभी के पक्ष में रहा।वहीं दूसरा मैच बरवा और बहरई बी टीमों के मध्य खेला गया।बरवा ने पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित ओवर में 82 रन बनाकर बहरई बी की टीम के सामने जीत के लिए 83 रनों का लक्ष्य रखा।जवाब में बहरई बी की टीम मात्र 49 रन ही बना सकी और जीत का खिताब बरवा टीम को मिला।
बरवा की टीम में धीरेंद्र ने 15 गेंदों में 41 रन बनाकर उम्दा प्रदर्शन किया।मैच में अंपायर की भूमिका सत्येंद्र पाल और अजीत राजपूत ने निभाई,कमेंट्रेटर की भूमिका अभिषेक कुमार व जे डी ने तथा स्कोरर की भूमिका सुशील शर्मा व विष्णुकांत ने निभाई।इस दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का खूब उत्साहवर्धन किया।आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों और दर्शकों से खेल भावना बनाए रखने की अपील की।समिति ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
इस मौके पर क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष रोहित कश्यप,डॉक्टर रंजीत पाल,सोनू निगम,प्रशांत पाल,बिक्रम सचान,रूमन पाल,कुलदीप,अवनीश,अंकित, रवि पाल समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।



