कानपुर देहात: बीजेपी में ‘बगावत’ की ज्वाला रसूलाबाद में कार्यकर्ताओं का खुला विद्रोह
सूर्यप्रताप सिंह गौर के नेतृत्व में नाराज कार्यकर्ताओं ने की अहम बैठक।

कानपुर देहात में भारतीय जनता पार्टी के भीतर मचे घमासान ने अब सार्वजनिक रूप ले लिया है। जिला अध्यक्ष रेणुका सचान द्वारा घोषित की गई नई कार्यकारिणी को लेकर असंतोष की लहर दौड़ गई है। रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के नाराज वरिष्ठ पदाधिकारियों और मंडल कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दाल रोटी ढाबा पर जमीनी कार्यकर्ताओं की हुंकार
क्षेत्र के एक निजी ढाबे पर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य सूर्यप्रताप सिंह गौर ने की। बैठक में मौजूद दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वर्तमान संगठनात्मक ढांचे पर गंभीर सवाल खड़े किए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि दशकों से पार्टी के लिए पसीना बहाने वाले निष्ठावान चेहरों को दरकिनार किया जा रहा है।
दबंगों और बाहरी चेहरों को तवज्जो देने का आरोप
बैठक के दौरान सूर्यप्रताप सिंह गौर ने सीधे तौर पर जिला नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि महत्वपूर्ण पदों पर आपराधिक और दबंग छवि वाले व्यक्तियों को बैठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन में चयन की प्रक्रिया न तो निष्पक्ष है और न ही पारदर्शी। कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा दर्द यह है कि दूसरे दलों से आए आयातित नेताओं को संगठन में बड़े ओहदे दिए जा रहे हैं, जबकि मूल कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस कर रहा है।
बैठक में शामिल प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता
इस विरोध बैठक में प्रमुख रूप से विजय मिश्रा, दिनेश मिश्र, सूर्यप्रताप सिंह गौर, बाबी दुबे, कप्तान सिंह, अरुण दुबे, हृदप नारायण दुबे, अनिल तिवारी, सुनील पांडेय, सोनू दीक्षित, आदित्य पाण्डेय, आदित्य सिंह, भानु प्रताप सिंह, हरिकिशन सिंह, तोशू ठाकुर, तार बाबू, मुन्नू कोरी और राम महेश वर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। इन सभी ने एक स्वर में संगठन में सुधार की मांग की है।



