कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदलने की उठी मांग

परिषदीय विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से 11:30 तक किए जाने की मांग

राजेश कटियार,कानपुर देहात। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन की मांग प्रमुखता से उठाई है। विद्यार्थियों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बचाने के लिए महासंघ ने मांग की है कि स्कूलों का संचालन सुबह के ठंडे समय में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक किया जाए।

जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कानपुर देहात ने परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव की मांग उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को इस संबंध में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सौंपकर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों  के संचालन समय में परिवर्तन करने की मांग की है।

महासंघ द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग की ओर से भी हीटवेव को लेकर चेतावनियां जारी की जा रही हैं। ऐसे हालात में विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने बताया कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालयों का संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जा रहा है।

दोपहर के समय अत्यधिक गर्मी होने के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय में बने रहना कठिन हो रहा है जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। इसी को देखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने मांग की है कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों का समय परिवर्तित कर प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया जाए। संगठन का कहना है कि इससे विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिलेगी और शिक्षण कार्य भी प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगा।

इस संदर्भ में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय का कहना है कि जिलाधिकारी से निर्देश मिलने के उपरांत ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा।

 


ये भी पढे-  बिना सूचना लम्बे समय से अनुपस्थित चल रहे शिक्षकों की होगी सेवा समाप्त


 

Related Articles

AD
Back to top button