कानपुर देहात: मंगलपुर में दो घरों से लाखों की चोरी, तीसरे घर में नाकाम कोशिश
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में रविवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात और नगदी पार कर दिए। वहीं, एक तीसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही।

कानपुर देहात: मंगलपुर थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में रविवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात और नगदी पार कर दिए। वहीं, एक तीसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लाखों के जेवरात और नगदी चोरी
पहली घटना में चोरों ने बन्नाम सिंह के घर को निशाना बनाया। बन्नाम सिंह ने बताया कि परिवार के लोग सो रहे थे, तभी चोर कमरे से तीन बक्सों को छत पर ले गए। वहां से उन्होंने जेवरात और करीब 15 हजार रुपए की नगदी निकाल ली और खाली बक्से छत पर ही छोड़ दिए।
दूसरी वारदात में चोरों ने विनोद कुमार के घर से आलमारी तोड़कर लगभग 20 लाख रुपए की नगदी चुरा ली। घटना के समय घर में कोई महिला मौजूद नहीं थी। विनोद घर के बाहर सो रहे थे, जबकि उनका भाई घर के अंदर था।
तीसरे घर में चोरी की कोशिश नाकाम
इसी रात चोरों ने बलबीर के घर में भी चोरी करने की कोशिश की, लेकिन किसी कारणवश वे कामयाब नहीं हो सके। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों घटनाओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



