कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: मंदिर का पता पूछकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक दबोचा

पुलिस ने घेराबंदी कर एक अभियुक्त इस्माइल को सफेद अपाचे मोटरसाइकिल के साथ दबोचा।

शिवली: जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना 24 मई 2026 की है, जब ग्राम हरदियानाला में गांव के बाहर एक महिला उपले (कंडे) पाथ रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और महिला से रामजानकी मंदिर का रास्ता पूछने लगे। जैसे ही महिला ने कहा कि यहां कोई ऐसा मंदिर नहीं है, मौका पाकर बदमाशों ने उसके कान के बाले झपट लिए और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पीड़िता के पुत्र आशीष की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर भेवान नहर के पास से दबोचा गया शातिर

प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आज 26 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर भेवान नहर पटरी सड़क के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (UP 77AH 8286) के साथ एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान इस्माइल पुत्र हसन खां, निवासी ग्राम जल्लापुर सिकंदरा (थाना राजपुर, कानपुर देहात) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से पीड़ित महिला से लूटा गया पीली धातु का एक कान का बाला और 200 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को सीज कर दिया है।

गैंगस्टर एक्ट सहित औरैया और जालौन में भी दर्ज हैं मुकदमे

पकड़े गए अभियुक्त इस्माइल का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध कानपुर देहात के शिवली, भोगनीपुर, राजपुर और सट्टी थानों के अलावा औरैया के अजीतमल, ऐरवाकटरा और जालौन के कालपी कोतवाली में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में इस्माइल ने कुबूल किया कि वह और उसका साथी राहुल हेलमेट व गमछे से मुंह बांधकर रेकी करते थे और सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाते थे। लूट के बाद दोनों ने एक-एक बाला आपस में बांट लिया था।

फरार साथी राहुल की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

पूछताछ में घटना में शामिल दूसरे अभियुक्त राहुल पुत्र अतर सिंह, निवासी ब्रह्मनगर कंजड डेरा (कस्बा व थाना अकबरपुर) का नाम सामने आया है। अभियुक्त इस्माइल ने बताया कि राहुल के पास काले रंग की पल्सर बाइक है और वह उसी से आवाजाही करता है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार लुटेरे को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, वहीं फरार राहुल की गिरफ्तारी के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम: इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक शिवेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक कुमार, रवि, अंकुर और रिक्रूट कांस्टेबल शिववर्धन की अहम भूमिका रही।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: शिवली पुलिस का बड़ा एक्शन हैकर ने उड़ाए थे बीस हजार रुपये साइबर सेल ने पांच दिन में कराए वापस


Related Articles

AD
Back to top button