कानपुर देहात में अज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत,एक घायल
चालक फरार, त्रयोदशी संस्कार में जाते समय हुआ हादसा

कानपुर देहात में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।सिकंदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गुरुवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई वहीं हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है वहीं मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।मृतक महिला की पहचान धर्मेंद्र की 38 वर्षीय पत्नी खुशबू के रूप में हुई है।घायल की पहचान जालौन जनपद के माधवगढ़ के कैलोर निवासी हरनाम के 48 वर्षीय पुत्र शिववीर के रूप में की गई है।दोनों त्रयोदशी के कार्यक्रम में शामिल होने घाटमपुर जा रहे थे।सूर्या होटल पार कर सिकंदरा की तरफ डिवाइडर के पास पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगने से खुशबू सड़क पर गिर गई और डंपर का टायर उनके ऊपर से गुजर गया।हादसे में खुशबू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हरिओम प्रकाश त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल शिववीर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।प्रभारी निरीक्षक हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मृतका महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर: अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार के लिए 50 हजार रुपये तक अनुदान



