कानपुर नगर: कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, जिलाधिकारी ने बदला स्कूलों का समय
नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूलों का समय बदला अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे।

कानपुर नगर: जनपद में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने का बड़ा फैसला लिया है। कड़ाके की सर्दी और कम दृश्यता के कारण होने वाली दिक्कतों के मद्देनजर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद के सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया है।
सोमवार से लागू होगा नया समय जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सोमवार से कानपुर नगर के सभी बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई आदि) से मान्यता प्राप्त स्कूल नए समयानुसार संचालित होंगे। अब नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के समस्त स्कूल प्रातः 10 बजे से खुलेंगे और अपराह्न 3 बजे बंद होंगे।
कड़ाई से पालन करने के निर्देश डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी सभी तरह के स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्कूल प्रबंधकों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
अभिभावकों ने जताई खुशी पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाएं चलने के कारण अभिभावक बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों और बच्चों ने बड़ी राहत महसूस की है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग महिला की मौत



