कानपुर देहात में आटा चक्की में विस्फोट,किशोर की मौत
हाइस्कूल का छात्र था मृतक किशोर, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।रूरा थाना क्षेत्र के सरगांव बुजुर्ग गांव में शनिवार को एक आटा चक्की में विस्फोट हो जाने के चलते हाइस्कूल के छात्र की मौत हो गई।मृतक की पहचान संजय के 16 वर्षीय पुत्र मोहित के रूप में हुई है।वह संजय के चार बेटों में शामिल था तथा पास के ही एक निजी स्कूल में हाइस्कूल का छात्र था।बताया जाता है कि उसके 75 वर्षीय बाबा संतलाल ने शाम को बाजरे की रोटी खाने की इच्छा जाहिर की थी।
गांव के लोगों ने बताया कि मोहित बाबा का बहुत चहेता था,वह उनकी हर बात मानता था।शनिवार शाम वह साइकिल से 10 किलो बाजरा लेकर चक्की में पिसवाने गया था।उस समय चक्की चल रही थी।उसने तुरंत बाजरा पीसने को कह दिया और वहीं खड़े होकर इंतजार करने लगा।इसी दौरान आटा चक्की में विस्फोट हो गया।चक्की में लगा पत्थर उसके लोहे के कवर को तोड़ते हुए मोहित के सिर के पिछले हिस्से में लग गया।इससे मोहित वहीं पर गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा।धमाके की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भींड जमा हो गई।आनन फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
लेकिन तब तक मोहित ने दम तोड़ दिया था।किशोर के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मोहित की मौत से भाइयों रोहित,सोहित,आर्यन समेत अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी अमित शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



