कानपुर देहात: सरवनखेड़ा विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता संपन्न
उच्च प्राथमिक विद्यालय के 10 छात्रों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
कानपुर देहात। सरवनखेड़ा विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय सरवनखेड़ा में परिषदीय विद्यालयों के बच्चों की ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड का आयोजन तथा डायट प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा के निर्देशन में किया गया। बच्चों में गणित के प्रति प्रतिस्पर्धा और लगाव बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा प्रत्येक जनपद में गणित ओलंपियाड का आयोजन कराया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र के द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में सरवन खेड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी अजीत प्रताप सिंह के द्वारा ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड का शुचितापूर्ण आयोजन कराया गया।
गणित विषय के ए आर पी अंकित मिश्रा ने बताया के विकास खंड में विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान किया गया। जिसमें 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया। डाइट के द्वारा प्रदान किए गए सील्ड प्रश्नपत्र को परीक्षा के दस मिनट पूर्व सभी नोडल शिक्षकों की उपस्थिति में खोला गया।
बच्चों के उत्साह का आलम ये था कि उच्च प्राथमिक विद्यालय जैनपुर की छात्रा चिरागिनी बीमार होने पर हॉस्पिटल में एडमिट थी । उसके अभिभावक बच्ची के गणित के लगाव को देखते हुए स्वयं विद्यालय की अध्यापिका ऋतु साहनी के साथ परीक्षा देने पहुंची। खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्ची के जज्बे और अभिभावक की जागरूकता की प्रशंसा की। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले दस बच्चों को जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
उच्च प्राथमिक विद्यालय रानियां के छात्र योगेश,उच्च प्राथमिक विद्यालय स्योदा, उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहारी के नितिन सिंह,उच्च प्राथमिक विद्यालय जैनपुर के संस्कार, उच्च प्राथमिक विद्यालय कौशन के विवेक, उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहारी की नैंसी, उच्च प्राथमिक विद्यालय लाटा की श्रद्धा ,उच्च प्राथमिक विद्यालय लोहारी की मानसी, उच्च प्राथमिक विद्यालय किशरवल के रितेश का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयन हुआ , दसवें स्थान के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय सरवन खेड़ा की सरस्वती और उच्च प्राथमिक विद्यालय जसवापुर के देवांश में टाई हुआ। इस अवसर पर ए आर पी अग्नीस कुमार ,ए आर पी शिप्रा पाण्डेय, ए आर पी श्वेता ,आशीष द्विवेदी सहित उच्च प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापक उपस्थित रहे ।



