कानपुर देहात में ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा,चार घायल
कानपुर देहात के महाराजपुर के पास शुक्रवार को एक ई रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं

- एक की हालत गंभीर,भेजा गया जिला अस्पताल
- महाराजपुर गांव के समीप हुआ हादसा
पुखरायां।कानपुर देहात के महाराजपुर के पास शुक्रवार को एक ई रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।घायलों में एक की हालत गंभीर देख झींझक सीएचसी में प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब दत्तपुर गांव की मलिका,ऊषा देवी और मलगांव निवासी सुखड़ देवी और पूनम सरकारी राशन की दुकान से राशन लेकर अपने घर लौट रही थीं।तभी महाराजपुर गांव के समीप गैस एजेंसी के पास मोड पर ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।हादसे में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।राहगीरों ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए झींझक सीएचसी पहुंचाया।जहां मौजूद चिकित्सक ने ऊषा देवी की हालत गंभीर देख उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर कर दिया।शेष घायलों का उपचार झींझक सीएचसी में किया गया।



