कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

जिलाधिकारी ने तहसील भोगनीपुर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान सब रजिस्ट्रार के अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आज तहसील भोगनीपुर का निरीक्षण कर तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव एवं जनसेवा से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों एवं पत्रावलियों की स्थिति की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों से अलमारियां खुलवाकर पत्रावलियों के रखरखाव की जांच की और निर्देशित किया कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रेणीबद्ध ढंग से संधारित किए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, अभिलेखों के वैज्ञानिक संरक्षण एवं व्यवस्थित संधारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने नजारत शाखा एवं संग्रह अनुभाग का भी निरीक्षण कर राजकीय अभिलेखों एवं सामग्रियों के रखरखाव की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित पत्रावलियों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सब रजिस्ट्रार के अनुपस्थित पाए जाने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, रजिस्ट्री कक्ष, मतदाता पंजीकरण कक्ष, अभिलेखागार, चकबन्दी कार्यालय आदि तथा एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को पूरी सतर्कता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। रजिस्ट्री कक्ष में दस्तावेजों के पंजीकरण कार्य को सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने पर बल दिया। तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई की जाए तथा फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ मधुर व्यवहार रखने, समय से कार्यालय में उपस्थित रहने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: शादी का झांसा देकर नाबालिग को ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोचा

Related Articles

AD
Back to top button