कानपुर देहात में कांग्रेस की गुटबाजी उजागर, प्रदेश प्रभारी के सामने चले लात-घूंसे और जूता, पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई पर FIR

कानपुर देहात: जनपद के सिकंदरा स्थित सूर्या होटल में कांग्रेस की गुटबाजी का एक बेहद शर्मनाक रूप सामने आया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के आगमन पर आयोजित स्वागत एवं लंच कार्यक्रम देखते ही देखते रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में ही कांग्रेस के दो गुट आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वर्तमान जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर और पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार के समर्थकों के बीच होटल के अंदर जाने और भोजन व्यवस्था को लेकर पहले कहासुनी हुई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। घटना की सूचना पाकर पहले सिकंदरा थाना पुलिस और फिर वायरलेस संदेश मिलने पर मंगलपुर थाना प्रभारी महेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेसी नेता एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। इसी वीडियो में कांग्रेस महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोरमा संखवार हाथ में जूता लिए नजर आ रही हैं। मनोरमा संखवार का आरोप है कि पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार, उनके बेटे और उनके बाउंसरों सहित करीब 8 से 10 लोगों ने उन्हें घेरकर उनके साथ मारपीट की, बाल नोचे और उन्हीं का जूता निकालकर उनसे उनकी पिटाई की। महिला अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व जिलाध्यक्ष, उनके बेटे अंश कटियार, बाउंसरों और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ लज्जा भंग करने व एससी-एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे
वर्तमान जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर ने पूर्व जिलाध्यक्ष और उनके बाउंसरों पर महिला नेता के साथ अभद्रता करने का सीधा आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वर्तमान जिलाध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ जबरन होटल में घुस आए और नारेबाजी करने लगे, जिससे विवाद बढ़ा। उन्होंने कहा कि स्थिति बिगड़ती देख वह खुद प्रदेश प्रभारी को सुरक्षित निकालकर वहां से ले गए और पूरे मामले की जानकारी शीर्ष नेतृत्व को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।



