कानपुर देहात में ट्रैक्टर की टक्कर से बुजुर्ग की मौत,महिला समेत तीन घायल
चालक फरार, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी

कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बेला मार्ग पर सोमवार दोपहर एक तेज रप्तार ट्रैक्टर ने ऑटो और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में ऑटो सवार पहाड़ीपुर गांव निवासी 60 वर्षीय सरमन की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि विजय की पत्नी शोभा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के मुताबिक तेज रप्तार ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर पहले ऑटो को टक्कर मार दी।इसके बाद सामने से आ रही बाइक से टकरा गया।हादसे में एरवाकटरा से घर लौट रहे बाइक सवार कुरंगना निवासी प्रांशु और कमलबाबू भी गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य पहुंचाया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत सरमन को मृत घोषित कर दिया।
वहीं शोभा,प्रांशु और कमल की हालत नाजुक देख उन्हें कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।मृतक सरमन के पुत्र सुभाष ने बताया कि उनके पिता दवा लेने बेला जा रहे थे।सरमन के तीन पुत्र और दो विवाहित पुत्रियां हैं।पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।एस एस आई रामसिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।



