कानपुर देहात में नाबालिग को कार से अगवा करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मंगलपुर पुलिस ने ओवरब्रिज के नीचे से दबोचा
शौच के लिए गई 17 वर्षीय किशोरी को दोस्त के साथ मिलकर किया था गायब, सह-आरोपियों पर भी कानूनी शिकंजा कसना शुरू।

कानपुर देहात : जनपद के थाना मंगलपुर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर कार से भगा ले जाने वाले मुख्य वांछित आरोपी को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को वैधानिक कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
थाना मंगलपुर में पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, वह अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को लेकर अपनी बहन के घर ग्राम पदमपुर आई हुई थी। बीते 12 अप्रैल की सुबह करीब 11:30 बजे जब किशोरी शौच के लिए गई थी, तभी अमर सिंह का पुरवा (थाना रूरा) निवासी आरोपी अक्षय अपने मित्र चिंकू के साथ कार से आया और उसे जबरन बैठाकर भगा ले गया। इस घटना का विरोध करने और उलाहना देने जब पीड़िता की मां आरोपियों के घर पहुंची, तो अक्षय की मां अनीता, पिता राधे और चिंकू के माता-पिता ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक मिलन सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मुख्य अभियुक्त अक्षय को विरहाना ओवरब्रिज के नीचे से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में रिक्रूट कांस्टेबल आलोक कुमार और महिला रिक्रूट कांस्टेबल दीक्षा शामिल रहीं। पुलिस के अनुसार, मामले के शेष आरोपियों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई तेजी से प्रचलित है।



