कानपुर देहात में दरिंदगी: ढाई साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाला अधेड़ गिरफ्तार, मंगलपुर पुलिस ने झींझक स्टेशन से दबोचा
सबलपुर गांव में सामान लेने गई बच्ची को बनाया था हवस का शिकार, पाक्सो और बीएनएस की संगीन धाराओं में केस दर्ज।

कानपुर देहात: जनपद के थाना मंगलपुर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में ढाई साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले 50 वर्षीय अधेड़ आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
थाना मंगलपुर पर पीड़िता की मां (वादिनी) द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी करीब 2 वर्ष 9 माह की नाबालिग पुत्री घर से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित एक दुकान से सामान लेने गई थी। वहां से वापस आते समय आरोपी ने मासूम के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सबलपुर निवासी शिवप्रसाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और 5m/6 पाक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तैदी दिखाते हुए वांछित अभियुक्त शिवप्रसाद को झींझक रेलवे स्टेशन की विपरीत दिशा में बने फुट ओवर स्लूप के पिलर नंबर 01 के पास से घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ हेड कांस्टेबल अवनीश यादव, रिक्रूट कांस्टेबल सुशील कुमार और महिला रिक्रूट कांस्टेबल दीक्षा मुख्य रूप से शामिल रहीं।



