कानपुर देहात में निर्माणाधीन पुलिया में घुसी बाइक,एक की मौत,दूसरा गंभीर
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया से टकराकर बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के मुताबिक मटियामऊ गांव निवासी 52 वर्षीय मन्नालाल अपने साथी 42 वर्षीय रामजी के साथ अपनी मोटरसाइकिल से कही जा रहे थे।रास्ते में मटियामऊ गांव के पास रजबहे पर बन रही पुलिया में उनकी बाइक घुस गई।हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन में दोनों घायलों को अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।जहां पर मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत मन्नालाल को मृत घोषित कर दिया।साथी रामजी की हालत गंभीर देख उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



