कानपुर देहात: अकबरपुर पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर वाहन चोर, चोरी की बाइक और अवैध असलहा बरामद
दो साथी मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश

कानपुर देहात। जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अकबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 24 नवंबर 2025 को अकबरपुर पुलिस टीम नरिहा निबौली रोड से कटने वाले नारायणपुरवा मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता से दो संदिग्ध व्यक्तियों को दबोच लिया गया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान रुस्तम पुत्र गुलाम रसूल (निवासी ठठिया, कन्नौज) और कुन्दन पुत्र सुरेश (निवासी बौद्धनगर तिर्वा, कन्नौज) के रूप में हुई है।
दो साथी हुए फरार पुलिस कार्यवाही के दौरान दो अन्य आरोपी अमन पुत्र जाकिर (निवासी फारूखीनगर, ठठिया) और मनीष पुत्र अशोक (निवासी जवाहरनगर, तिर्वा) मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
डराने के लिए रखते थे तमंचा पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि वे एक गिरोह बनाकर बाइकों की चोरी करते हैं। चोरी के दौरान लोगों को डराने और धमकाने के लिए वे अपने पास अवैध तमंचा रखते हैं। उन्होंने बताया कि बरामद की गई बाइक भी चोरी की है और आज वे फिर से किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही पकड़ लिया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
- एक मोटरसाइकिल (HF Deluxe) – बिना नंबर प्लेट (इंजन/चेसिस से ट्रेस नंबर: UP77 V 7105)
- एक देशी तमंचा (315 बोर)
- दो जिंदा कारतूस (315 बोर)
- 400 रुपये नकद
पुलिस की कार्यवाही गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना अकबरपुर में मु0अ0सं0 530/2025 धारा 317(2) बीएनएस 2023, 35(1) बीएनएसएस 2023 और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम: इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में थाना अकबरपुर पुलिस शामिल रही।



