कानपुर देहात में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,हत्या की आशंका
कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

- परिजनों में मचा कोहराम
- पुलिस जांच में जुटी
पुखरायां।कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतका की पहचान नन्हीं देवी के रूप में हुई है।मृतका नन्हीं देवी अपने पुत्र अंकित कमल उर्फ उमेश के साथ गजनेर रोड पर जलालपुर मोड के पास किराए के मकान में रहती थी।शुक्रवार सुबह करीब 9.45 बजे पुलिस को एक व्यक्ति के द्वारा फोन पर सूचना मिली कि बेटे ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी है।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गजनेर जनार्दन प्रताप सिंह,चौकी प्रभारी मंगटा ललित कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की।उक्त शव को मृतका का पुत्र अंकित कमल उर्फ उमेश सुबह अपने गांव रौगांव लेकर आया।घटना की संदिग्धता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



