कानपुर देहात में युवक की मौत का मामला बना मर्डर मिस्ट्री, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
20 मई को सड़क किनारे मिला था युवक का शव

- पहले सड़क हादसा माना जा रहा था मामला
- परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के संदलपुर सिकंदरा मार्ग पर गुरदही बंबा के निकट सड़क किनारे मिले एक युवक के शव के मामले में नया मोड सामने आया है।परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ युवक की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताते चलें कि बीती 20 मई की सुबह थाना क्षेत्र के गुरदही बंबा के निकट सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला था।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी।शव की पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी रामपाल सिंह के 35 वर्षीय पुत्र रामकुमार उर्फ कल्लू यादव के रूप में हुई थी।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और मामले की जांच शुरू कर दी थी।
शुक्रवार को मामले में एक नया मोड सामने आया है।मृतक के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।मुरादपुर गांव निवासी शैलेन्द्र सिंह ने थाना सिकंदरा में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई रामकुमार उर्फ कल्लू यादव की बीते 20 मई को अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी तथा शव गुरदही बंबा के निकट सड़क किनारे फेंक दिया गया था।सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो प्रथम दृष्टया यह घटना सड़क हादसा प्रतीत हो रही थी।परन्तु अब उन्हें पूरी आशंका है कि उनके भाई की हत्या की गई है।प्रार्थना पत्र में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की गई है।
थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
ये भी पढे- कानपुर देहात: डेरापुर में करंट की चपेट में आकर ऑटो चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम



