कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में रफ्तार पर कसेगा शिकंजा: डीएम का बड़ा एक्शन प्लान, स्कूल बसों की फिटनेस से लेकर अवैध स्टैंडों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई के निर्देश

कलेक्ट्रेट में गूंजा डीएम का कड़ा संदेश: सड़क हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट सुधार और अतिक्रमण हटाने का महाअभियान शुरू

कानपुर देहात। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय की मौजूदगी में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट के मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक में डीएम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही मिलने पर सीधे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

बैठक में पिछली प्राथमिकताओं की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ‘ब्लैक स्पॉट्स’ को तुरंत सुधारने के कड़े निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि इन जगहों पर रोड साइनेज, रम्बल स्ट्रिप, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड प्राथमिकता से लगाए जाएं ताकि हादसों के ग्राफ को नीचे लाया जा सके।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि: चालकों का होगा चरित्र सत्यापन

नौनिहालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया है कि जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस की गहन जांच की जाए। इसके साथ ही स्कूल बसों और वैन के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के साथ-साथ उनके चरित्र का भी सत्यापन कराया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो सके।

अवैध ऑटो-टैक्सी स्टैंड और अतिक्रमण पर चलेगा डंडा

शहर को जाम का झाम देने वाले अवैध ऑटो और टैक्सी स्टैंडों के खिलाफ भी बड़े एक्शन की तैयारी है। डीएम ने साफ कहा कि वाहनों का संचालन केवल निर्धारित और चिन्हित स्थलों से ही होगा। इसके अलावा सड़कों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। बैठक में यह भी बताया गया कि संवेदनशील जगहों पर एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है ताकि आपात स्थिति में घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।

ओवरस्पीडिंग और ड्रंक एंड ड्राइविंग के खिलाफ सघन चेकिंग

यातायात नियमों को ताक पर रखकर गाड़ी दौड़ाने वालों की अब खैर नहीं होगी। बैठक में ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइविंग और बिना हेलमेट/सीट बेल्ट के चलने वालों के खिलाफ सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अकबरपुर-माती मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए भी अधिकारियों को जल्द ठोस कदम उठाने को कहा गया है। इसके अलावा एनएचएआई के अधिकारियों को हाईवे किनारे बने नालों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि जलभराव से कोई हादसा न हो।

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, पुलिस व परिवहन विभाग के आला अधिकारी, डिप्टी सीएमओ और अधिशासी अभियंता विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


ये भी पढे-  भोगनीपुर बार एसोसिएशन की 12 दिनों से जारी हड़ताल समाप्त, ई-रजिस्ट्री निजीकरण पर सरकार के बैकफुट पर आने के बाद फैसला


Related Articles

AD
Back to top button