कानपुर देहात में होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर पैनी नजर डीएम और एसपी ने खुद संभाली सुरक्षा की कमान
25 अप्रैल से शुरू होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा प्रशासन ने तैयार किया अभेद्य सुरक्षा चक्र

कानपुर देहात में आगामी 25 अप्रैल से शुरू होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आज जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और संबंधित स्टाफ को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा घेरे, अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग के लिए किए गए इंतजामों और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण सतर्कता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस बल को सजग रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में सब इंस्पेक्टर के घर लाखों की चोरी



