कानपुर देहात: यूपी टीईटी परीक्षा में अचानक केंद्र पहुंचे जिलाधिकारी, फिर जो हुआ उसने सबको चौंका दिया
कानपुर देहात के अकबरपुर कॉलेज में डीएम कपिल सिंह का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और सीसीटीवी की खुद संभाली कमान

कानपुर देहात में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी कपिल सिंह खुद जमीन पर उतरे। उन्होंने अकबरपुर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिससे परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों और व्यवस्थापकों में खलबली मच गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केवल ऊपरी व्यवस्था नहीं देखी, बल्कि हर एक छोटी-बड़ी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार से लेकर उनके पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को खुद परखा। इसके बाद वह सीधे सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे और कैमरों की निगरानी व्यवस्था को देखा। जिलाधिकारी ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के रख-रखाव की भी बारीकी से जांच की ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो सके।
मौके पर मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक को कड़े लहजे में निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और सजगता के साथ करें। हालांकि, राहत की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और संतोषजनक पाई गईं, और परीक्षा निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से चलती मिली।
ये भी पढे- बाल शक्ति हायर सेकेंडरी स्कूल बरगवां को इंटर की मान्यता,क्षेत्र में खुशी



