कानपुर देहात: रनियां में परचून की दुकान जलकर राख, शार्ट सर्किट से लगी आग में लाखों का नुकसान
उमरन गांव के पास हाईवे किनारे की घटना; दस लाख का सामान और 75 हजार की नगदी खाक, दो दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
- रनिया थाना क्षेत्र के उमरन गांव के पास हाईवे किनारे एक थोक व फुटकर परचून की दुकान में आग लग गई।
- आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
- दुकान मालिक जगदीश यादव के अनुसार, लगभग दस लाख रुपए का सामान और 75 हजार रुपए की नगदी जलकर राख हो गई।
- घटना की सूचना पर माती फायर स्टेशन प्रभारी कपिल सिंह और रनिया इंस्पेक्टर शिवनारायण सिंह मौके पर पहुंचे।
- दो दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रनियां। रनिया थाना क्षेत्र के उमरन गांव के पास बीती रात एक परचून की दुकान में शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। पलक झपकते ही आग की लपटें आसमान छूने लगीं और दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उमरन गांव सभा के मजरे मददीपुरवा गांव निवासी जगदीश यादव वर्तमान में नुर्रा गांव में रहते हैं। जरैला कीरतपुर मोड़ पर हाईवे किनारे उनकी अंजलि किराना एवं जनरल स्टोर के नाम से थोक व फुटकर बिक्री की दुकान है, जिसे उनका बेटा अनुज संभालता है। जगदीश के मुताबिक, गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अनुज दुकान बंद करके घर लौट आया था।
लगभग साढ़े दस बजे आस-पास के लोगों ने फोन पर उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जगदीश अपने परिजनों के साथ बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। दुकान के जलते हुए भयानक मंजर को देखकर महिलाएं बिलख उठीं।
घटना की जानकारी मिलने पर माती फायर स्टेशन प्रभारी कपिल सिंह और रनिया इंस्पेक्टर शिवनारायण सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
दुकान मालिक जगदीश ने बताया कि इस आगजनी की घटना में दुकान में रखा लगभग दस लाख रुपए का सामान और करीब पचहत्तर हजार रुपए की नगदी जलकर राख हो गई है। उन्होंने बताया कि इस बाबत शुक्रवार की सुबह रनिया थाने में लिखित सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जिला स्तरीय ओ0टी0डी0 सेल की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न



