कानपुर देहात: मिशन शक्ति 5.0: मुरलीपुर गांव में ‘जागरूकता चौपाल’ का आयोजन, महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी
दहेज निषेध और कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम कानूनों पर विस्तार से चर्चा; विभिन्न हेल्पलाइन नंबर बताए गए

- मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत कानपुर देहात के मुरलीपुर गांव में 'जागरूकता चौपाल' आयोजित हुई।
- चौपाल में दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और कन्या भ्रूण हत्या निषेध जैसे कानूनों पर जानकारी दी गई।
- दहेज निषेध अधिनियम 1961 के तहत 5 वर्ष की कैद और ₹15,000 जुर्माने के प्रावधान बताए गए।
- महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 सहित सभी महत्वपूर्ण टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई।
कानपुर देहात। महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति विशेष अभियान के पांचवें चरण के तहत आज ग्राम मुरलीपुर, ग्राम पंचायत जलालपुर, ब्लॉक मलासा में एक महत्वपूर्ण “जागरूकता चौपाल” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन, मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन और जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में हब फॉर इम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन से जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत के महिला और पुरुषों को दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न और कन्या भ्रूण हत्या निषेध जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
दहेज निषेध अधिनियम 1961 के बारे में बताते हुए उन्होंने जानकारी दी कि दहेज लेना, देना या इसके लेनदेन में सहयोग करना एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए 5 वर्ष की कैद और ₹15,000 जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दहेज एक सामाजिक समस्या है जिसका उन्मूलन तभी संभव है जब हम संकल्पपूर्वक इसके विरुद्ध कदम उठाएं।
कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम पर उन्होंने पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसीपीएनडीटी) अधिनियम 1994 के बारे में जागरूक किया, जिसके तहत जन्म से पूर्व शिशु के लिंग की जांच पर पूरी तरह पाबंदी है। इसके अलावा, महिलाओं को घरेलू हिंसा और लिंग भेदभाव के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके शिक्षा के महत्व पर भी बल दिया गया। बालिकाओं को “गुड टच, बैड टच” संबंधी जानकारी भी दी गई।
चौपाल में उपस्थित लोगों को मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, जननी सुरक्षा योजना आदि महिलाओं और बालिकाओं के लिए चल रही सरकारी योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए और विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला मिशन समन्वयक ने सभी आवश्यक टोल फ्री नंबरों जैसे महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में विस्तृत जानकारी दी, ताकि संकट की स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इस कार्यक्रम में प्रतिमा श्रीवास्तव, वन स्टाप सेंटर से सेंटर मैनेजर निधि सचान, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में बालक/बालिकाएं, महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- दो साल पहले गुम हुए युवक की तलाश तेज़, उच्च न्यायालय के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक कर रहे विवेचना



