कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: वृद्ध महिला से कान के बाले छीनने वाला लुटेरा गिरफ्तार, मूसानगर पुलिस ने बरामद किया सोने का जेवर

लूटा गया सोने का बाला और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद।

कानपुर देहात की मूसानगर थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटा गया सोने का बाला और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए लुटेरे ने अपने साथी के साथ मिलकर एक वृद्ध महिला के कान से कुंडल नोच लिए थे, जिससे उनके कान लहूलुहान हो गए थे।

गेहूं काटकर लौट रही वृद्धा को बनाया था निशाना

घटना बीते 15 अप्रैल 2026 की है, जब मूसानगर के वार्ड नंबर 13 निवासी रेशू कुमार की दादी खेत से गेहूं काटकर घर लौट रही थीं। खिरियनपुरवा-मूसानगर मार्ग पर सरकारी ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोका और बेरहमी से उनके कान के सोने के बाले नोच लिए। इस झपटमारी में वृद्धा के कान कट गए और काफी खून बह गया था। पुलिस ने मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

चेकिंग के दौरान पकड़ा गया अभियुक्त

प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार को चांदपुर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोहित (निवासी जिगनीपुरवा, गजनेर) को हिरासत में लिया। जामा तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु का एक कान का बाला बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी श्याम सिंह (निवासी चैनपुरवा, कानपुर नगर) के साथ मिलकर झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

शातिर लुटेरे का कबूलनामा

पकड़े गए अभियुक्त रोहित ने बताया कि घटना के समय उसका साथी श्याम सिंह बाइक चला रहा था। लूट के बाद दोनों ने एक-एक बाला आपस में बांट लिया था। पकड़ा गया लुटेरा भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से दबोच लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UP78 HM 2852) को भी सीज कर दिया है।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: भोगनीपुर में ऑटो की टक्कर से ई-रिक्शा सवार अधेड़ महिला की मौत


 

 

 

 

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button