कानपुर देहात: रसधान में सजी सीडीओ की ग्राम चौपाल, गोद भराई और अन्नप्राशन के साथ हुआ समस्याओं का समाधान
एक सप्ताह के भीतर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश।

कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा आज विकासखंड राजपुर की ग्राम पंचायत रसधान में “ग्राम चौपाल – गांव की समस्या, गांव में समाधान” कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, सड़क, विधुत, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों, जैसे—पंचायत सचिवालय की क्रियाशीलता, अमृत सरोवर, और सामुदायिक शौचालय की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत भवन को नियमित रूप से खोला जाए ताकि ग्रामीणों को आय, जाति, निवास जैसे प्रमाण पत्रों के लिए भटकना न पड़े। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं (जैसे—आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और स्वयं सहायता समूह) के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने पात्र व्यक्तियों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं साथ ही उन्होंने ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित किया कि गाँव में होने वाले किसी भी निर्माण कार्य में मानक और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ एवं विकसित बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की भी अपील की। वहीँ चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है। गाँव की समस्याओं का समाधान गाँव के स्तर पर ही हो, यही हमारी प्राथमिकता है।
किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। चौपाल के दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सौजन्य से पोषण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई और उन्हें पोषण पोटली भेंट करते हुए स्वास्थ्य एवं खान-पान के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही, 6 माह पूर्ण कर चुके बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: सीडीओ ने गौशाला निरीक्षण में पकड़ी बड़ी खामियां, बीडीओ और पशु चिकित्साधिकारी को फटकार



