कानपुर देहात: रसूलाबाद में तेज रप्तार कार की टक्कर से किशोर घायल,भेजा गया कानपुर
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद,कार कब्जे में,चालक फरार,पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी

कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कहिंजरी कस्बे में एक तेज रप्तार कार की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।घायल बालक की पहचान आर्यन के रूप में हुई है।
आर्यन कस्बे में सड़क किनारे खड़ा था तभी तेज रप्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल बालक के पिता ने कार चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कार चालक की लापरवाही स्पष्ट नजर आ रही है।मामले में कहिंजरी चौकी में शिकायत की गई है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस ग्राम पंचायत बरार में समारोह 2026 का हुआ आयोजन



