कानपुर देहात : रसूलाबाद में पटाखा जलाने के दौरान मासूम झुलसा,हालत गंभीर
भेजा गया हैलट, लोगों में फैली दहशत

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रसूलाबाद नगर पंचायत के गौतम बुद्ध नगर वार्ड में पटाखा जलाने के दौरान एक आठ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। बच्चे को रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर हालत में कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
घटना आज रविवार दोपहर करीब एक बजे हुई। बालक विंध्याचल पांच वर्षीय कृष्णा के साथ अपने घर के पास खेल रहा था तभी उन्हें एक पटाखा मिला।पटाखा जलाने की कोशिश के दौरान अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में बालक विंध्याचल बुरी तरह झुलस गया जबकि कृष्णा बाल बाल बच गया। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।घायल विंध्याचल को उपचार के लिए रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया गया।
जहां मौजूद चिकित्सक सौरभ शाक्य ने बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि विंध्याचल के चेहरे और हाथों पर 12 प्रतिशत जलन पाई गई है।परिजनों ने चिकित्सक को पटाखे से जलने की जानकारी दी है। घटना से इलाके में दहशत व्याप्त है।स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से अधिक सतर्क रहने की अपील की है।


