
चंदौली। रविवार को हाईवे पर पतंगबाजों के चाइनीज मांझे से बाइक सवार एक युवक की गर्दन कट गई। जिसके चलते युवक लहुलूहान हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक का आईसीयू में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी के जिले के कैंट थाना क्षेत्र पहलुपुरा इमिलिया घाट निवासी गोविंद 32 वर्ष और उसके मामा का लड़का संदीप रविवार को बाइक से सैयदराजा के बगही गांव जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोविंद बाइक चला रहा था। इसी बीच हाईवे के पास पतंगबाजों के चाइनीज मांझे से बाइक चला रहे गोविंद की गर्दन कट गई।
पत्नी के साथ मौसी के घर जा रहा था
जिसके चलते गोविंद बुरी तरह से लहुलूहान हो गया। घटना को देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को नजदीकी सर्जिकल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों के द्वारा घायल युवक को उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया है। घायल युवक गोविंद की पत्नी सोनी कुमारी ने बताया कि उनके पति अपने मामा के लड़के के साथ अपनी मौसी के घर जा रहे थे। लेकिन पतंग के माझे से उनकी गर्दन कट गई है।
कोतवाल ने हॉस्पिटल जाकर ली जानकारी
बताया कि घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दे दी गई है। वहीं घटना की जानकारी के बाद कोतवाल राजीव सिंह भी निजी अस्पताल पहुंच घायल युवक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। बताया कि चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। हालांकि पुलिस टीम गस्त करके पतंगबाजों को चाइनीज माझे का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक कर रही है।



