कानपुर देहात: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण हेतु राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
जिलाधिकारी ने दिया संदेश—सटीक मतदाता सूची लोकतंत्र की मूल नींव

कानपुर देहात: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एस0आई0आर0-2025) के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिला अधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में सपा से बृज मोहन यादव, डॉ. नरेन्द्र सिंह तथा शेखू खान, भाजपा से श्यामू शुक्ला व श्याम बिहारी शुक्ल तथा कांग्रेस से गोविन्द यादव एवं बृजेन्द्र सिंह, आप से रोहित यादव, भाकपा से राम औतार भारती, सम्मिलित हुए।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी रखना निर्वाचन की शुचिता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़ना और दोहराव तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। बैठक में बी.एल.ए. (Booth Level Agents) की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि वे अपने बीएलए को बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करने हेतु सक्रिय करें, ताकि नामावली सत्यापन, त्रुटियों की पहचान एवं दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि बीएलए की प्रभावी सहभागिता से निर्वाचक नामावली की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि ईआरओ एवं एईआरओ को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि बीएलओ घर-घर सत्यापन कार्य में पूर्ण पारदर्शिता व जिम्मेदारी बनाए रखेंगे। अंत में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग देकर जनपद की निर्वाचक नामावली को सर्वोत्तम, सटीक और अद्यतन स्वरूप प्रदान करने में योगदान दें।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में तेज रप्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल,भेजा गया अस्पताल



