कानपुर देहात: शांति उपवन में उन्मुखीकरण संगोष्ठी का हुआ आयोजन
राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने श्रेष्ठ प्रधानों व प्रधानाध्यापकों को किया सम्मानित

राजेश कटियार, कानपुर देहात। आज सोमवार को रूरा रोड स्थित शांति उपवन में ब्लॉक संसाधन केंद्र अकबरपुर के तत्वावधान में खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान और नगर निकाय सदस्यों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रतिभा शुक्ला राज्य मंत्री महिला बाल विकास एवं पुष्टाहार रहीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मनोज कुमार सिंह खण्ड शिक्षा अधिकारी अकबरपुर ने पुष्पगुच्छ, आभार पत्र व शिक्षा सेतु पत्रिका देकर उनका स्वागत किया। समस्त अतिथियों को आभार पत्र व शिक्षा सेतु पत्रिका भेट की गई। इस अवसर पर मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में विकासखण्ड अकबरपुर के विद्यालयों की सराहना की व उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक न्याय पंचायत से एक ग्राम प्रधान और एक प्रधानाध्यापक को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा स्वागत गीत व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमे शिक्षिका सुधा सचान व स्मृति तिवारी का विशेष योगदान रहा। मंत्री ने उच्च प्राथमिक विद्यालय तोड़ा मोहम्मदपुर व रोशनमऊ के बच्चों के कार्यक्रम की खूब सराहना की व बच्चों को मोमेंटो देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
संगोष्ठी का मुख्य केंद्र ऑपरेशन कायाकल्प रहा। उपस्थित प्रधानाध्यापकों ने सरकार की इस योजना की सराहना करते हुए बताया कि कैसे प्रधानों और विद्यालय प्रशासन के आपसी सहयोग से स्कूलों का सुन्दरीकरण हुआ है। योजना के माध्यम से विद्यालयों में टाइल्स, पेयजल, शौचालय और स्मार्ट क्लास जैसी मूलभूत सुविधाओं से बच्चों को होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रधानों व 11 उत्कृष्ट कार्य करने शिक्षकों, 10 नोडल शिक्षकों एवं 3 एआरपी को भी प्रशस्ति पत्र तथा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अपने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदीप कुमार (बीडीओ) आदित्य शुक्ला (एडीओ पंचायत) मनोज कुमार सिंह (बीईओ) एआरपी क्रमश: अमित कुमार तिवारी, महाराज सिंह और ज्ञान बाबू साथ ही शिक्षक नवजोत सिंह, अभिषेक द्विवेदी, कल्पना सोनी एवं समस्त नोडल संकुल और समस्त ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। यह संगोष्ठी शिक्षा और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सफल कदम साबित हुई।



