कानपुर देहात: शिवली के गंभीरपुर गांव में सांप के काटने से आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
कानपुर देहात के ककरदही मजरा में सर्पदंश का शिकार हुआ कक्षा 2 का छात्र, गांव में छाया मातम

कानपुर देहात: जनपद के शिवली कोतवाली क्षेत्र के गंभीरपुर मजरा ककरदही गांव में सर्पदंश से एक आठ वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई।घटना से पूरे गांव में शोक छा गया। जानकारी के मुताबिक कक्षा 2 का छात्र नितिन उर्फ राज पुत्र राजेश कुमार उम्र करीब आठ वर्ष रविवार को अपने घर में जमीन पर सो रहा था।
इसी दौरान किसी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया।परिजन आनन फानन में उसे उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल लेकर गए। जहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत बालक को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को परिजन बालक का शव गांव लेकर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में मातम छा गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस,नायब तहसीलदार सुधीर यादव और लेखपाल हर्षित त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलाए जाने का आश्वासन दिया।नितिन की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात ही मृत्यु के सटीक कारणों का पता लग सकेगा।



