कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: ससुराल में खातिरदारी की जगह दामाद की ‘कुटाई’: पत्नी से मिलने आए युवक को सास, साले और साली ने मिलकर पीटा

कानपुर देहात के मीनापुर की घटना; बच्चों को भी मारा और बाइक तोड़ी, नगदी व दस्तावेजों से भरा झोला गायब

कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल आए एक व्यक्ति की खातिरदारी करने के बजाय उसकी सास, साले और साली ने मिलकर बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दामाद के साथ आए उसके छोटे बच्चों को भी नहीं बख्शा और उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने इस संबंध में बरौर थाने में नामजद तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, शिवली थाना क्षेत्र के भोलानिवादा गांव के रहने वाले सूर्यकुमार मंगलवार को अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ बरौर क्षेत्र के मीनापुर गांव स्थित अपनी ससुराल आए थे। वे दोपहर करीब 12 बजे वहां पहुंचे और अपनी पत्नी से मुलाकात कर रहे थे, तभी किसी बात को लेकर ससुराल पक्ष के लोग भड़क गए। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि सूर्यकुमार की सास ऊषा, साले दीपू और साली शुभी ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया।

पीड़ित सूर्यकुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूसों से जमकर पीटा। जब उनके बच्चों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मासूम बच्चों को भी मारा-पीटा। दबंग ससुरालियों ने घर के बाहर खड़ी सूर्यकुमार की बाइक में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे विवाद और मारपीट की आपाधापी के दौरान उनका एक झोला भी कहीं गिर या गायब हो गया, जिसमें उनके जरूरी व्यक्तिगत दस्तावेज और 13 हजार रुपये नगद रखे हुए थे।

थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर सास, साले और साली के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम गांव में जाकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: बरौर में गौकशी समेत अन्य मामलों में फरार तीन वारंटी चढ़े पुलिस के हत्थे,भेजा जेल


 

Related Articles

AD
Back to top button