रोजगारउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूजलखनऊ

सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 3155 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल

आयोग न्यायालयों के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-51 के अंतर्गत सहायक आचार्य पदों के लिए आयोजित लिखित पुनर्परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 33 विषयों के कुल 910 पदों के सापेक्ष 18 एवं 19 अप्रैल 2026 को लिखित पुनर्परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें 39,192 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। लिखित परीक्षा के आधार पर 33 विषयों के लिए साक्षात्कार हेतु औपबंधिक रूप से कुल 3,155 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। यह परीक्षा परिणाम माननीय उच्च न्यायालय तथा माननीय उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन वादों में पारित आदेशों के अधीन रहेगा। आयोग न्यायालयों के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।

आयोग में वर्तमान में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के साक्षात्कार, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा परिणाम की तैयारी तथा आगामी यूपीटीईटी परीक्षा की व्यवस्थाओं के कारण सहायक आचार्य भर्ती के साक्षात्कार कार्यक्रम की विषयवार एवं श्रेणीवार तिथियां तथा आवश्यक दिशा-निर्देश मध्य जुलाई तक आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर नियमित रूप से अद्यतन सूचनाएं देखते रहें। साक्षात्कार से संबंधित सूचना अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल एवं मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार तिथि से 21 दिन पूर्व अपने सभी वांछित मूल अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने के बाद ही साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध होगी।

डॉ. प्रशांत कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Related Articles

AD
Back to top button