कानपुर देहात: सिकंदरा में विद्युत पोल कर कार्य कर रहे लाइनमैन की करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत
बिजली विभाग के खिलाफ कर्मचारियों और ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी।

कानपुर देहात में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के जफरपुर स्थित 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र पर एक लाइनमैन की कथित तौर पर विभागीय लापरवाही के चलते मौत हो गई।आरोप है कि सब स्टेशन ऑपरेटर की चूक से शट डाउन के दौरान ही हाई वोल्टेज लाइन चालू कर दी गई।जिससे लाइनमैन बुरी तरह झुलस गया।उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।जानकारी के अनुसार जफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत लाइनमैन महेंद्र कुमार गुरुवार सुबह करीब 10.30 बजे उमरपुर गांव के पास बिलासपुर की विद्युत लाइन पर आए फाल्ट को ठीक करने गए थे।
काम शुरू करने से पहले उन्होंने नियमानुसार सब स्टेशन से शट डाउन लिया था।महेंद्र खंभे पर चढ़कर काम कर ही रहे थे कि अचानक लाइन में करंट दौड़ गया।परिजन और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सब स्टेशन पर तैनात ऑपरेटर संतोष ने गंभीर लापरवाही बरती।बताया जा रहा है कि ऑपरेटर को किसी अन्य क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति चालू करनी थी।लेकिन गलती से उसने उसी फीडर की सप्लाई चालू कर दी जिस पर महेंद्र कुमार काम कर रहे थे।
करेंट लगते ही महेंद्र कुमार बुरी तरह झुलस कर नीचे गिर पड़े।घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा में भर्ती कराया गया।प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है।ग्रामीणों और साथी कर्मचारियों में विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और विभागीय जांच की मांग की जा रही है।बिजली उपकेंद्र के प्रभारी जूनियर इंजीनियर ब्रजेश केसरी ने बताया कि महेंद्र के साथ एक और लाइनमैन आशीष भी था।
आशीष बिजली घर पर शट डाउन के लिए रुका हुआ था और काम करने के लिए महेंद्र गया था।महेंद्र के द्वारा शट डाउन की बात कही गई तो जिस लाइन पर उन्हें शट डाउन लेना था उस पर शट डाउन नहीं दिया गया।बिना शट डाउन के पोल पर महेंद्र काम करने के लिए चढ़ गया और चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।सब डिवीजन ऑपरेटर संतोष और आशीष दोनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी जा रही है और उनके मोबाइल को कब्जे में लेकर कॉल रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।बिजली विभाग के एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक लाइनमैन के परिवार को विभाग द्वारा आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।मामले की जांच की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया थाना सिकन्दरा का औचक निरीक्षण



