कानपुर देहात: सीएनजी बसों के बंद होने से जनता में भारी रोष, व्यापारियों ने जिलाधिकारी कपिल सिंह को सौंपा ज्ञापन
अकबरपुर, मूसानगर, पुखरायां, शिवली और रूरा जैसे प्रमुख नगरों के लिए जीवनरेखा थी यह बस सेवा।

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात। जनपद मुख्यालय अकबरपुर समेत विभिन्न प्रमुख नगरों और ग्रामीण इलाकों के लिए संचालित होने वाली सीएनजी व ई-बसों के अचानक बंद होने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। इस गंभीर जनसमस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर शाखा ने बड़ी सक्रियता दिखाई है। व्यापारियों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बीते दिवस जिलाधिकारी कपिल सिंह से कलेक्ट्रेट में भेंट की और बसों के पुनः संचालन की मांग को लेकर एक प्रभावी मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
जनपद की आर्थिक रीढ़ और जनता की जीवनरेखा थी यह बस सेवा
उल्लेखनीय है कि यह आधुनिक बस सेवा कानपुर देहात के अकबरपुर, मूसानगर, पुखरायां, शिवली और रूरा जैसे प्रमुख नगरों सहित बड़े ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को समय पर सुलभ परिवहन सेवा उपलब्ध करा रही थी। इस सेवा से न केवल आम जनता और नौकरीपेशा लोगों का सफर आसान था, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों से कस्बों तक ग्राहकों की सुगम आवाजाही से स्थानीय व्यापार भी फल-फूल रहा था, जो जनपद के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में सहायक साबित हो रहा था।
तकनीकी कारणों का बहाना, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
बिना किसी पूर्व सूचना के इस बेहतरीन जनसेवा को ‘तकनीकी कारण’ बताकर अचानक बंद कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि सेवा बंद होने के इतने दिनों बाद भी परिवहन विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर न तो किसी राजनीतिक दल के नेता ने और न ही जिला प्रशासन ने किसी उपयुक्त मंच पर चर्चा की। हालांकि, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता मोनू द्वारा इस सेवा को बहाल कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए और भागदौड़ की गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों से सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले, जिससे परिणाम अब तक शून्य रहा है।
समस्या को चर्चा के पटल पर लाया व्यापार मंडल
तमाम उपेक्षाओं के बावजूद बीते दिवस व्यापार मंडल की इस मजबूत पहल ने ठंडे बस्ते में जा चुकी इस बड़ी समस्या को एक बार फिर शासन-प्रशासन के चर्चा पटल पर ला दिया है। जनहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने और जिलाधिकारी तक प्रभावी ढंग से बात पहुंचाने का श्रेय नगर अध्यक्ष ऋषि पुरवार, वरिष्ठ व्यापारी नेता रामजी मिश्र, जिला अध्यक्ष अनुभव अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामजी ओमर, श्यामू गुप्ता, समरजीत सिंह सहित नगर पंचायत अकबरपुर के मनोनीत सदस्य कृष्ण कुमार मिश्रा, सूर्यकांत त्रिपाठी, राजेश सिंह और मणि गुप्ता को जाता है, जिनकी तत्परता से जनता में एक नई उम्मीद जगी है।



