कानपुर: नगवाँ में डीएम ने बच्चों को दिया सरप्राइज, मंच से की दो दिन की छुट्टी की घोषणा
बिधनू के नगवाँ प्राथमिक विद्यालय में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने की घोषणा

- बच्चों के 'डीएम अंकल छुट्टी कर दीजिए' संदेशों का जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान
- 19 और 20 दिसंबर को नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद
कानपुर के विकास खण्ड बिधनू अंतर्गत ग्राम पंचायत नगवाँ के प्राथमिक विद्यालय में आज बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब के शुभारंभ के अवसर पर पहुँचे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों को एक बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने खुले मंच से खराब मौसम को देखते हुए 19 और 20 दिसंबर को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश की घोषणा कर दी।
बच्चों के संदेशों ने जीता डीएम का दिल पिछले कुछ दिनों से बदलते मौसम और ठंड को देखते हुए बच्चे जिलाधिकारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर लगातार संदेश भेज रहे थे। प्रिया, प्रांशु, संवृद्धि, पल्लू, प्रसिद्धि और नमा जैसे कई बच्चों ने बड़े ही मासूम अंदाज में “डीएम अंकल छुट्टी कर दीजिए” लिखकर मैसेज भेजे थे। जिलाधिकारी ने इन संदेशों को न केवल गंभीरता से पढ़ा बल्कि नगवाँ विद्यालय के कार्यक्रम में बच्चों के बीच पहुँचकर उन्हें खुद यह जानकारी दी।
नर्सरी से 12वीं तक अवकाश जिलाधिकारी ने मंच से जैसे ही घोषणा की कि नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय आगामी दो दिनों (19 और 20 दिसंबर) तक बंद रहेंगे, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों के लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं था कि उनके द्वारा भेजे गए संदेशों पर डीएम ने स्वयं संज्ञान लेकर मंच से छुट्टी का ऐलान किया।
यादगार बना लैब का शुभारंभ स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब का उद्घाटन करने आए जिलाधिकारी के इस फैसले ने कार्यक्रम को बच्चों के लिए यादगार बना दिया। बच्चों ने उत्साह के साथ जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कड़ाके की ठंड और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया है ताकि स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात : मशरूम उत्पादन इकाई लगाने पर 30 लाख की लागत पर मिलेगा 40% अनुदान



