कानपुर न्यूज़: अब खत्म होगा गैस सिलेंडर का झंझट कानपुर के होटलों और बारात घरों में पाइप से पहुंचेगी गैस
मीटर आधारित व्यवस्था से केवल उपयोग की गई गैस का ही देना होगा पैसा।

कानपुर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिला प्रशासन ने अब शहर के होटलों, बारात घरों और औद्योगिक इकाइयों को सीधे पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) नेटवर्क से जोड़ने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस योजना को तेजी से जमीन पर उतारने की रणनीति तैयार की गई है।
सुरक्षित और सस्ती होगी व्यावसायिक गैस सप्लाई
प्रशासन का मानना है कि होटलों और बारात घरों में सिलेंडर के बजाय पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति होने पर सुरक्षा के मानक बेहतर होंगे और यह आर्थिक रूप से भी फायदेमंद साबित होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी पाइपलाइन नेटवर्क पहुंच चुका है, वहां के संस्थानों को प्राथमिकता पर कनेक्शन दिए जाएं। इसके लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को पाइपलाइन बिछाने के रास्ते में आने वाली रुकावटों को तुरंत दूर करने के आदेश दिए गए हैं।
औद्योगिक इकाइयों को भी मिलेगा लाभ
शहर की 152 औद्योगिक इकाइयां पहले से ही इस सुविधा का लाभ ले रही हैं, लेकिन अब इसे बड़े पैमाने पर विस्तारित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, पीएनजी आधारित व्यवस्था से उद्योगों की लागत कम होगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। गैस कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी क्षमता बढ़ाएं ताकि उत्पादन कार्यों में बिना किसी रुकावट के निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
ये भी पढ़े- सजेती में आग का तांडव, दस बीघा खड़ी फसल जली



