कानपुर न्यूज़: भौर कटारतारी में साधारण बालू खनन हेतु ई-नीलामी की अधिसूचना जारी
एम.एस.टी.सी. पोर्टल पर 18 से 23 मार्च 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन ।

- 24 मार्च 2026 को दो चरणों में संपन्न होगी ई-निविदा और ई-नीलामी की प्रक्रिया ।
- आवेदन के लिए ₹15,000 शुल्क और ₹7.04 करोड़ की अर्नेस्ट मनी निर्धारित ।
- पट्टाधारक को पर्यावरण स्वच्छता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही कार्य प्रारंभ करने की अनुमति मिलेगी ।
कानपुर नगर के जिलाधिकारी कार्यालय (खनन अनुभाग) द्वारा जनपद की बिल्हौर तहसील अंतर्गत ग्राम भौर कटारतारी में गंगा नदी के तल में उपलब्ध साधारण बालू के रिक्त क्षेत्रों के लिए ई-निविदा सह ई-नीलामी की आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है । यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के प्रावधानों के तहत पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी । इस खनन पट्टे के लिए चयनित क्षेत्र का कुल रकबा 22.0000 हेक्टेयर है और प्रथम वर्ष के लिए खनन योग्य बालू की मात्रा 3,52,000 घन मीटर आंकलित की गई है । सफल होने वाले आवेदक को यह पट्टा विलेख निष्पादन की तिथि से अधिकतम 05 वर्ष की अवधि के लिए स्वीकृत किया जाएगा ।
आवेदन प्रक्रिया के तहत इच्छुक व्यक्तियों या संस्थाओं को एम.एस.टी.सी. (MSTC) के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा । ई-निविदा डालने का प्रथम चरण 18 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होकर 23 मार्च 2026 को शाम 5:00 बजे तक चलेगा । इसके पश्चात प्राप्त निविदाओं का मूल्यांकन 24 मार्च को किया जाएगा और उसी दिन दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे के बीच द्वितीय चरण की ई-नीलामी आयोजित की जाएगी । आवेदन के लिए प्रत्येक क्षेत्र हेतु ₹15,000 का अप्रतिदेय शुल्क और ₹7,04,00,000 की अर्नेस्ट मनी जमा करना आवश्यक है ।
आवेदकों के पास Class III डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) होना अनिवार्य है और उन्हें आधार कार्ड, पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण एवं संबंधित जिले के जिलाधिकारी द्वारा जारी अद्यतन चरित्र प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज अपलोड करने होंगे । नियमानुसार कोई भी व्यक्ति या फर्म उत्तर प्रदेश में कुल 2 से अधिक पट्टे या 50 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल के खनन पट्टे धारित नहीं कर सकता है । सफल बोलीदाता को नीलामी समाप्त होने के 03 कार्य दिवसों के भीतर अपने मूल अभिलेखों का सत्यापन जिलाधिकारी कार्यालय में कराना होगा, जिसके बाद ही लेटर ऑफ इंटेंट जारी किया जाएगा ।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात : इग्नू में अब प्रवेश एवं पुनः प्रवेश 30 मार्च तक तथा परीक्षा फॉर्म 10 अप्रैल 2026 तक


