कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

गुमशुदा बच्ची को ढूंढकर कानपुर देहात पुलिस ने परिजनों को लौटाई मुस्कान

कार्तिक पूर्णिमा मेले में खोई साढ़े तीन साल की कृतिका उर्फ लाडो सकुशल बरामद

कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, आज 05 नवंबर 2025 को बरौर पुलिस ने एक सराहनीय कार्य किया। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर थाना क्षेत्र बरौर स्थित ऋषि दुर्वासा आश्रम के सेंगर नदी घाट पर लगे मेले में खोई एक साढ़े तीन साल की बच्ची को पुलिस टीम ने अथक प्रयास से ढूंढ निकाला और उसके परिजनों को सौंप दिया।

शाम करीब 5:30 बजे ऋषि दुर्वासा आश्रम के घाट पर फूल/माली की दुकान लगाने वाली लक्ष्मी देवी, पत्नी दुर्गा प्रसाद सैनी, अपनी बच्ची के गुम हो जाने से परेशान होकर रो रही थीं। मौके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल ने जब उनकी परेशानी का कारण पूछा, तो उन्होंने अपनी बच्ची के लापता होने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही थाना बरौर पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष बरौर अमिता वर्मा के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल हेमा सोनी, मनीषा मौर्या, हेड कांस्टेबल यशवीर और अन्य ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने तत्काल बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने बच्ची कृतिका उर्फ लाडो (उम्र करीब 3.5 वर्ष, निवासिनी डूडीयामऊ) को मेले, रामलीला मंच, घाट और मंदिर आदि सभी आस-पास के क्षेत्रों में गहनता से खोजा। लगभग 6:00 बजे पुलिस टीम को सफलता मिली और गुमशुदा बच्ची कृतिका उर्फ लाडो को सकुशल मेले में ही खोज निकाला गया।

बच्ची को उसकी मां लक्ष्मी को सकुशल सुपुर्द किया गया। पुलिस के इस मानवीय और सराहनीय कार्य की परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।

Related Articles

AD
Back to top button