कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कद्दू व्यापारी बनकर साइबर ठग ने लगाई थी बड़ी चपत, कानपुर देहात की राजपुर पुलिस ने ऐसे वापस कराए पूरे पैसे

साइबर अपराधी ने झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए थे 1,39,500 रुपये।

कानपुर देहात: सब्जी व्यापारी से कद्दू विक्रेता बनकर सवा लाख से अधिक की साइबर ठगी करने वाले अपराधी के मंसूबों पर राजपुर पुलिस ने पानी फेर दिया है। जनपद कानपुर देहात में अपराध निवारण और साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।

सिकन्दरा थाना क्षेत्र के इटखुदा निवासी सब्जी व्यवसायी अचिन्त्य कुमार पुत्र उदय नारायण के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले शातिर ठग ने खुद को कद्दू का थोक व्यापारी बताया और व्यापारिक सौदे के नाम पर छलपूर्वक अचिन्त्य कुमार से विभिन्न बैंक खातों में कुल 1,39,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित व्यापारी ने 18 मार्च 2026 को थाना राजपुर की साइबर हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।

थाना राजपुर पुलिस की साइबर टीम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तकनीकी जांच शुरू की और बैंक व संबंधित एजेंसियों से संपर्क साधकर ठगी गई रकम को होल्ड कराया। पुलिस टीम के कड़े प्रयासों के चलते पीड़ित व्यापारी की कटी हुई पूरी धनराशि यानी 1,39,500 रुपये सुरक्षित रूप से उनके बैंक खाते में वापस आ गई है। अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई वापस पाकर पीड़ित सब्जी व्यवसायी के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने राजपुर पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका दिल से धन्यवाद किया।

जनता के लिए आवश्यक संदेश: अगर आपके साथ भी किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या बैंक खाते से साइबर ठगी होती है, तो घबराएं नहीं। ऐसी स्थिति में तुरंत बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दी गई सूचना से पैसे वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम: इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली थाना राजपुर पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह और कांस्टेबल 636 शिवप्रकाश पाल शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से पीड़ित को न्याय मिल सका।


ये भी पढे-  अंधविश्वास का खेल, हवस का जाल: कानपुर देहात का मशहूर ‘बोतल बाबा’ गिरफ्तार, आश्रम के भीतर का सच जानकर उड़ जाएंगे होश


Related Articles

AD
Back to top button