घाटमपुर: कार की टक्कर से, बाइक सवार युवक की मौत- 05 मई को जानी थी भाई की बारात
हादसा इतना जबरदस्त था कि अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

- तेजपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को रौंदा।
- भाई की शादी का सामान लेकर घर लौट रहा था मृतक अजय सैनी।
- दो साल पहले बड़े भाई की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत।
अवध दीक्षित,घाटमपुर (कानपुर)। आज मंगलवार की शाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेजपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उसकी बाइक में तेज रफ्तार कार टक्कर मारकर निकल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने की कारवाई के साथ ही हादसा कर भागी कार की तलाश की शुरू की है।
ग्राम तेजपुर निवासी शिवराम सैनी का पुत्र अजय सैनी 22 वर्ष, मंगलवार की शाम करीब 4:15 बजे बाइक से घर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह पंचायत भवन के सामने पहुंचा। तभी, घाटमपुर की ओर से गजनेर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में विपरीत दिशा से टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर लगने से अजय सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, चालक कार समेत फरार हो गया।
घटना की जानकारी होते ही शिवराम सैनी के परिवार में कोहराम मच गया। भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। नंदना चौकी इंचार्ज सुमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। वहीं पंचायत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से हादसा करके भागी कार को तलाशा जा रहा है।
दो वर्ष पूर्व हुई थी बड़े भाई की मौत
घाटमपुर। हादसे में मृत अजय सैनी के बड़े भाई की भी करीब दो वर्ष पूर्व गुजरात में सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। वह गुजरात में मजदूरी करता था और ड्यूटी करके अपने कमरे में लौट रहा था। तभी उसे तेज रफ्तार एंबुलेंस ने रौंद दिया दिया था।
परिजन अभी उस घटना को भूल भी नहीं पाए थे कि इस हादसे ने फिर उनके ऊपर तगड़ी गाज गिरा दी है।
पांच मई को होनी थी भाई की शादी
घाटमपुर,। परिजनों ने बताया कि अजय से बड़े भाई की इसी पांच मई को शादी होनी थी। बारात बांदा जनपद जानी थी। जिसकी तैयारियां जोर-जोर से शुरू कर दी गई थी। बताया कि भाई की शादी के लिए अजय कुछ सामान लेने पड़ोसी गांव नंदना गया हुआ था। जहां से वापस घर लौट रहा था। और हादसे का शिकार हो गया। बताया कि घटना के बाद अब भाई की शादी को आगे बढ़ाया जाएगा। बता दें की मृतक जय चार भाइयों में सबसे छोटा था।
ये भी पढे- कानपुर: घाटमपुर मे शार्ट सर्किट से लगी आग से मकान और छह दुकानें राख- एक वृद्ध की मौत, पांच लोग झुलसे



