रसूलाबाद में ओमनी वैन ने दो मोटरसाइकिलों में मारी टक्कर,एक की मौत तीन घायल
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ओमनी वाहन की तलाश में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के रसूलाबाद बेला रोड पर मलखानपुर भट्टे के पास बुधवार देर शाम एक ओमनी वाहन ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
लालगांव निवासी पिंटू शर्मा 30 वर्ष अपने साले भगवन्तपुर मित्रसेन कहींजरी निवासी पुरुषोत्तम 35 वर्ष के साथ बाइक से घर जा रहे थे।तभी बेला की ओर से आ रही तेज रप्तार ओमनी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में जीजा साले दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से रसूलाबाद सीएचसी पहुंचाया।
जहां पर मौजूद चिकित्सक ने उनकी हालत गंभीर देख कानपुर हैलट रेफर कर दिया।इसी हादसे में निकारीपुर उमर्दा निवासी शैलेन्द्र उर्फ गुंजन अपने दोस्त सेनपुर उमर्दा निवासी सत्येंद्र के साथ दूसरी बाइक पर सवार थे।वे कानपुर में अपने चचेरे भाई की बरीक्षा में शामिल होकर घर लौट रहे थे।ओमनी की टक्कर से शैलेन्द्र उर्फ गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
रसूलाबाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक ने शैलेन्द्र उर्फ गुंजन को मृत घोषित कर दिया जबकि सत्येंद्र को गंभीर हालत में कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।मृतक शैलेन्द्र उर्फ गुंजन की शादी इसी साल 29 अप्रैल को उन्नाव के देवीपुरवा निवासी खुशबू से हुई थी।वह अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था।उसके माता पिता का पहले ही देहांत हो चुका है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ओमनी की तलाश शुरू कर दी है।



