कानपुर देहात: अमरौधा में शिक्षकों को मिली नई संजीवनी, अब एनसीईआरटी की ‘वीणा’ और ‘गणित मेला’ से चमकेगा बच्चों का भविष्य!
बीईओ ईश्वर कांत मिश्रा की देखरेख में बुनियादी भाषा व संख्या ज्ञान पर जोर।
कानपुर देहात: अमरौधा ब्लॉक का चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण अभियान एएमबी एडुनेशन स्कूल, पिपरी में दूसरे बैच के पहले दिन उत्साहपूर्वक शुरू हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी ईश्वर कांत मिश्रा की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने और बुनियादी भाषा व संख्या ज्ञान (FLN) को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कक्षा चार में लागू की गई एनसीईआरटी आधारित नई पुस्तकों ‘वीणा’ (हिंदी) और ‘गणित मेला’ पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि कक्षा एक से तीन में एनसीईआरटी की पुस्तकों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने के बाद अब चालू सत्र से कक्षा चार में भी इन्हें पूर्णतः लागू कर दिया गया है। ‘वीणा’ पुस्तक की कविताओं, कहानियों और यात्रा वृत्तांतों के माध्यम से बच्चों में तर्कशक्ति, कल्पना, पठन-लेखन और अनुमान लगाने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।
ब्लॉक स्तरीय संदर्भ दाता ब्रजेश सचान ने बुनियादी भाषा एवं संख्या ज्ञान के कौशलों पर अपने विचार रखे, जबकि एआरपी मानवेंद्र सिंह ने ’10 बिंदु टूल किट’ और कैचअप शिक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया को समझाया। इस अवसर पर एआरपी मनोज कुमार पाल, नईम अहमद, अल्पना चौरसिया सहित शुभम शर्मा, नरेश कुमार, रीता, रंजन तिवारी, आदर्श सचान, अखिलेश कुमार यादव, निष्ठा वर्मा, विमल सचान, अजीत कुमार और मोहम्मद अनीस सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।



