टूटे रिश्ते फिर से महके! ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ ने बिखरे परिवारों में घोल दी मिठास, खुशी-खुशी साथ लौटे पति-पत्नी
पुलिस कप्तान श्रद्धा नरेंद्र पांडेय की अनोखी पहल, 'मिशन शक्ति 5.0' के तहत 9 उजड़े हुए घर फिर से हुए आबाद

कानपुर देहात में पारिवारिक कलह और आपसी मतभेदों के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों के लिए जिला पुलिस की एक मुहिम वरदान साबित हो रही है। शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)‘ के तहत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के काउंसलिंग सत्र की शुरुआत की गई। यह पूरा आयोजन पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य मामूली विवादों के कारण बिखर रहे परिवारों को समझा-बुझाकर फिर से एक सूत्र में बांधना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। रविवार को आयोजित इस विशेष काउंसलिंग सत्र में वैवाहिक और पारिवारिक विवादों से जुड़े कुल 55 मामले सुनवाई के लिए सामने आए।
इन सभी मामलों में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के अनुभवी सदस्यों, महिला पुलिस अधिकारियों और परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों की बातों को बेहद धैर्य और गंभीरता से सुना। टीम ने पति-पत्नी और उनके परिजनों को आपसी मनमुटाव, गलतफहमियों और गुस्से को भुलाकर साथ रहने के फायदे समझाए। लंबी काउंसलिंग और समझाइश का असर यह हुआ कि 9 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर बेहद सुखद समझौता हो गया। विवाद भूलकर सभी 9 पति-पत्नी एक-दूसरे को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर खुशी-खुशी फिर से एक साथ रहने के लिए तैयार हो गए। वहीं, जिन प्रार्थना पत्रों में दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी, उनमें काउंसलिंग की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अगली तिथि तय की गई है।
इस बेहद भावुक और सकारात्मक कार्यक्रम को सफल बनाने में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उप निरीक्षक ज्योति राज, महिला कांस्टेबल कुमारी रीनू, महिला कांस्टेबल रंजना सोनकर, महिला कांस्टेबल शिवम पांडेय और महिला कांस्टेबल पिंकी देवी सहित महिला सुरक्षा दल के अन्य सदस्यों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये भी पढे- सावधान! कानपुर देहात में 28 मई तक ‘ऑरेंज अलर्ट’, आसमान से बरसेगी अति उष्ण लहर



