उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

ट्रांसफार्मर चोर गैंग का पर्दाफाश! कॉइल, औजार और बाइक के साथ दो शातिर गिरफ्तार

मंगलपुर। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में अपराध नियंत्रण व चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर से कॉइल चोरी करने की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर खम्हैला गांव के पास नहर पुल पर चेकिंग के दौरान दो शातिर अभियुक्तों रोशन उर्फ हैप्पी (निवासी कन्नौज) और सूरज (निवासी रसूलाबाद) को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 19 फीट ट्रांसफार्मर कॉइल का तांबे का तार, प्लास, दो रेंच और घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार, झींझक विद्युत उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर उमाकांत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मु0अ0सं0 56/2025 दर्ज किया था। पूछताछ में अभियुक्तों ने बीती 9 मई की रात नहीली बंबा के पास से ट्रांसफार्मर काटकर कॉइल चोरी करने का जुर्म कबूला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी रोशन उर्फ हैप्पी पर पूर्व में कन्नौज और हरदोई सहित विभिन्न थानों में चोरी व आर्म्स एक्ट के 9 मुकदमे दर्ज हैं। उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह की पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

Related Articles

AD
Back to top button