डेरापुर पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी का जनरेटर और पिकअप के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
अभियुक्त के कब्जे से 7.5 HP का चोरी का जनरेटर और घटना में प्रयुक्त पिकअप बरामद।

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डेरापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने करीब एक साल पहले हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को चोरी के माल और वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ में आया शातिर
आज गुरुवार को डेरापुर पुलिस टीम मंगलपुर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप गाड़ी आती दिखी, जिसमें जनरेटर लदा हुआ था। पुलिस ने जब गाड़ी रोककर चालक से पूछताछ की, तो उसकी पहचान संदीप पुत्र राजू कश्यप निवासी गलुआपुर के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि बरामद जनरेटर चोरी का है, जो थाना डेरापुर में दर्ज एक पुराने मुकदमे से संबंधित है।
भाई के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पकड़े गए अभियुक्त संदीप ने खुलासा किया कि उसने करीब एक साल पहले अपने छोटे भाई कपिल के साथ मिलकर डेरापुर-मुंगीसापुर मार्ग पर स्थित एक ईंट व सीमेंट प्लांट से यह जनरेटर, पाइप और लाइटें चोरी की थीं। अभियुक्तों ने चोरी के लिए महिंद्रा पिकअप (UP78 HN 4016) का इस्तेमाल किया था। अभियुक्त ने बताया कि वह जनरेटर से वेल्डिंग का काम करता था, जबकि अन्य छोटा सामान कबाड़ी को बेच दिया था। पुलिस अब संदीप के भाई और वांछित अभियुक्त कपिल की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम की बड़ी उपलब्धि
इस सफल अनावरण के बाद पुलिस ने अभियुक्त संदीप के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्यवाही कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पकड़े गए अभियुक्त का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वह थाना रूरा व डेरापुर में दर्ज कई मुकदमों में वांछित था।



