कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

मूसानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घर में घुसकर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल बरामद

पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए।

कानपुर देहात की मूसानगर थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है। इन अभियुक्तों ने हाल ही में क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।

मुखबिर की सूचना पर मुर्तजानगर मोड़ से गिरफ्तारी

मूसानगर पुलिस टीम आज 16 अप्रैल को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुर्तजानगर मोड़ पर स्थित पिन्टू के ढाबे के पास से कल्लू अहमद और मोहम्मद जुम्मन को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से लावा कंपनी का एक मोबाइल और कुल 23,300 रुपये बरामद हुए, जो थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा और खिरियनपुरवा में हुई चोरियों से संबंधित हैं।

ऑटो से जाकर देते थे चोरी को अंजाम

पूछताछ के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे अपने साथी आवेश के ऑटो में सवार होकर चोरी करने जाते थे। गत 26/27 मार्च की रात उन्होंने ग्राम गुढ़ा में एक घर से मोबाइल, जेवरात और नकदी पार की थी। इसके बाद 6/7 अप्रैल की रात खिरियनपुरवा गांव में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। अभियुक्तों ने बताया कि चोरी के जेवरात अभी उनके फरार साथी आवेश के पास हैं, जिसे बेचने की योजना थी।

दर्जनों मुकदमों के अपराधी हैं दोनों अभियुक्त

पकड़े गए दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त कल्लू अहमद पर कानपुर देहात, घाटमपुर और लखनऊ के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट और चोरी सहित 08 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, मोहम्मद जुम्मन पर बिठूर, चौबेपुर और सचेन्डी सहित विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और चोरी के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़े-   कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट में की जनसुनवाई, दिये निर्देश

Related Articles

AD
Back to top button