कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: बिजली बिल राहत योजना: बकायेदारों को बड़ी राहत, सरचार्ज होगा 100% माफ

1 दिसंबर से शुरू हो रही योजना में बिजली चोरी और पुराने बकाये पर भी मिलेगी भारी छूट

कानपुर देहात के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपद में बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के शुभारंभ की जानकारी दी है। यह योजना उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो आर्थिक तंगी या किसी विवाद के कारण लंबे समय से अपना बिजली बिल जमा नहीं कर पाए थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल का उद्देश्य घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आर्थिक बोझ से मुक्त करना है। यह योजना पूरे जिले में 1 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। इसमें 2 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन और 1 किलोवाट तक के वाणिज्यिक कनेक्शन वाले उपभोक्ता शामिल हो सकेंगे।

योजना के तहत सबसे बड़ी राहत सरचार्ज यानी ब्याज पर दी गई है। अगर उपभोक्ता एकमुश्त (एक बार में) पूरा पैसा जमा करते हैं, तो उन्हें मूल बकाये पर 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी और सरचार्ज 100 प्रतिशत माफ हो जाएगा। इसके अलावा किस्तों में पैसा जमा करने की सुविधा भी दी गई है, जिसमें भी सरचार्ज पूरी तरह माफ रहेगा।

खास बात यह है कि इस बार बिजली चोरी के मामलों और कभी बिल न जमा करने वाले (नेवर पेड) उपभोक्ताओं को भी मुख्यधारा में लाने का मौका दिया गया है। बिजली चोरी के प्रकरणों में 40 से 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है।

योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत उपकेंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या विभागीय वेबसाइट पर जाकर मात्र 200 रुपये जमा करके पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह योजना तीन चरणों में चलेगी, इसलिए उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पहले चरण (1 दिसंबर से 31 दिसंबर) में ही आवेदन कर अधिकतम लाभ उठाएं। इससे भविष्य में बिजली कटने या कानूनी कार्रवाई जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा।

Related Articles

AD
Back to top button