पुखरायां में खूनी संघर्ष की धमकी: फेसबुक पर रामनवमी यात्रा को लेकर भड़काऊ पोस्ट, FIR दर्ज
बजरंग दल नेता गौरव पंडित को दी 315 बोर से हत्या की धमकी, भोगनीपुर पुलिस ने आरोपी शिवशांत दीक्षित पर कसा शिकंजा

भोगनीपुर, कानपुर देहात। आगामी रामनवमी महोत्सव से पूर्व जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश सामने आई है। पुखरायां के राजेंद्र नगर निवासी एक युवक ने फेसबुक पर रामनवमी की शोभायात्रा को रोकने और ‘खून की नदियां बहाने’ जैसी खौफनाक धमकी दी है। इस मामले में भोगनीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंग दल के जिला गौरक्षा प्रमुख गौरव पंडित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
20 मार्च को किया गया था विवादित कमेंट
घटनाक्रम के अनुसार, आरोपी शिवशांत दीक्षित ने बीते 20 मार्च 2026 को अपनी फेसबुक आईडी से एक अत्यंत भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी। आरोपी ने लिखा था कि “रामनवमी की यात्रा नहीं निकलेगी, अगर निकलेगी तो खून की नदियां बहेंगी।” इसके साथ ही उसने हिंदू समाज, गौमाता और ठाकुर समाज को लेकर अत्यंत अश्लील व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़ित गौरव पंडित ने अपनी तहरीर में बताया कि आरोपी ने उन्हें 315 बोर के असलहे से जान से मारने की सीधी धमकी भी दी है, जिससे उनके जीवन पर खतरा मंडरा रहा है।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भोगनीपुर पुलिस ने 22 मार्च 2026 को सुबह 11:13 बजे FIR संख्या 0100 पंजीकृत की। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(3) (गंभीर धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़े- भारतीय जनता पार्टी कानपुर देहात नए कलेवर में पहली बैठक आयोजित करेगी कल



